भोपाल। मध्य प्रदेश में साइबर क्राइम के मामले लगातार बढ़ रहे है। जालसाज अलग अलग तरीकों से लोगों को अपने में जाल में फंसाते है फिर लाखों करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करते है। इसे देखते हुए राज्य साइबर सेल ने एक एडवाइजरी जारी की है। जिसमें सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
देवउठनी ग्यारस के बाद देश में वैवाहिक और अन्य मांगलिक कार्यक्रम का आयोजन शुरू हो जाता है। वर्तमान में अधिकतर शादी के इन्विटेशन कार्ड व्हाट्सअप के जरिए भेजे जा रहे है, क्यों कि यह काम आसान करता है और कार्ड बनवाने पर होने वाले खर्च को भी बचाता है। वहीं दूसरी ओर साइबर ठगों ने शादी के इन्विटेशन कार्ड के जरिए लोगों को ठगने का नया तरीका ढूंड निकाला है। साइबर ठग आजकल इन मंगल अवसरों का अनुचित लाभ उठा रहे हैं। .एपीकेफाइल भेजकर लोगों के मोबाइल हैकर कर रहे हैं।
इसे देखते हुए राज्य साइबर सेल ने एक एडवाइजरी जारी की है। जिसमें लोगों को सतर्क रहने की अपील की है। शादी के कार्ड के नाम पर भेजे जाने वाले एपीके फाइल से सावधान रहने की सलाह दी गई है। एपीके फाइल डाउनलोड करते ही मोबाइल हैक हो जाता है। किसी भी नंबर द्वारा भेजे गए एपीके फाइल पर क्लिक न करें। मोबाइल पर कोई ऐप इंस्टॉल करने के लिए गूगल प्ले स्टोर या एप्पल स्टोर जैसे आधिकारिक एप स्टोर का उपयोग करें। अपने व्हाट्सएप पर मीडिया ऑटो डाउनलोड सेटिंग ऑफ या नो मीडिया रखें।