मंदसौर। मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर द्वारा प्रसारित वार्षिक कार्य योजना वर्ष 2024दृ25 के अनुपालन में तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश /अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मंदसौर कपिल मेहता के मार्गदर्शन में 3 दिसंबर 2024 को अंतरराष्ट्रीय दिव्यांग दिवस के उपलक्ष्य में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मंदसौर, शिक्षा विभाग, और सामाजिक न्याय विभाग के संयुक्त तत्वावधान में नूतन स्टेडियम मंदसौर में जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम में जिले के पांचों ब्लॉकों से दिव्यांग बच्चों ने भाग लेकर विभिन्न प्रतियोगिताओं में अपनी कला और प्रतिभा का प्रदर्शन किया।प्रतियोगिताओं में निबंध लेखन प्रतियोगिता, चित्रकला प्रतियोगिता आदि का आयोजन किया गया। विजेता बच्चों को सम्मानित कर उनकी प्रतिभा को सराहा गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुये सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मंदसौर सिद्धार्थ तिवारी ने राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण की नालसा (बच्चों को मैत्रीपूर्ण विधिक सेवाएं योजना) 2024 और नालसा (मानसिक विकलांग एवं बौद्धिक विकलांग व्यक्तियों के लिए कानूनी सेवाएं योजना) 2024 के प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दिव्यांग प्रमाण पत्र बनवाने में आने वाली किसी भी कठिनाई के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मंदसौर से संपर्क किया जा सकता है। साथ ही, जिन बच्चों को कृत्रिम अंग /उपकरण की आवश्यकता है, वे प्राधिकरण में अपने दस्तावेज जमा करवा सकते हैं। उन्होंने नालसा की टोल-फ्री हेल्पलाइन 15100 के माध्यम से भी सहायता प्राप्त करने की जानकारी दी।
इस अवसर पर विशेष स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का भी आयोजन किया गया। स्वास्थ्य विभाग मंदसौर के सहयोग से आयोजित इस शिविर में नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रीति वास्कले, ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. लवी उकावत, और अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. गौरव अखंड ने बच्चों का परीक्षण किया। शिविर में उन बच्चों को चिन्हित किया गया जिन्हें कृत्रिम अंग अथवा अन्य उपकरण की आवश्यकता है। कार्यक्रम में जिला विधिक सहायता अधिकारी प्रवीण कुमार, डीपीसी जगत देव शुक्ला, शिक्षकगण, और दिव्यांग बच्चों के परिवारजन उपस्थित रहे।