ग्वालियर। एलिवेटेड रोड की डिजाइन और फाउंडेशन मजबूत रहे, इसकी जांच मलेशिया की एक्सपर्ट टीम को बुलाकर कराई जा रही है। मलेशिया की यजक टेक्नोलॉजी कंपनी के एक्सपर्ट इंजीनियर गुओ जियान वांग 3 दिन के लिए ग्वालियर आए हैं। वे शिवपुरी लिंक रोड स्थित कंस्ट्रक्शन कंपनी के वर्कशॉप में सरिया के जाल, कंक्रीट मटेरियल की टेस्टिंग भी करेंगे। टीम ने सोमवार से जांच शुरू की है और बुधवार तक इसकी प्रक्रिया चलेगी।
वर्कशॉप पर मटेरियल टेस्टिंग के अलावा शहर में जगह-जगह पिलर के लिए हो रही मिट्टी जांच का भी अध्ययन ये टीम कर रही है। इस टेस्टिंग में रिग मशीन का उपयोग किया जा रहा है। जो कि बाई डायरेक्शनल लोड चेक कर पिलर मटेरियल की क्षमता मापती है। मप्र में ये पहली बार है जब इस आधुनिक मशीन से लोड टेस्टिंग कराया जा रहा है।
दूसरे चरण का काम इस माह से शुरू होगा
दूसरे चरण में गिरवाई पुलिस चौकी के पास से लक्ष्मीबाई समाधि स्थल तक 14 किलोमीटर से अधिक लंबा एलिवेटेड रोड इस महीने से बनना शुरू होगा। जानकारी के अनुसार कंस्ट्रक्शन कंपनी को विभाग ने हिदायत दे दी है कि इस महीने काम शुरू कर ही दिया जाए। पहले इसमें जमीन की उपलब्धता को लेकर अडंगा लग रहा था लेकिन अब वह अडंगा भी दूर हो गया है। वहीं, पहले चरण में लक्ष्मीबाई समाधि स्थल से ट्रिपल आईटीएम के पास तक निर्माणाधीन एलिवेटेड रोड में स्पान रखे जाने को काम को जल्दी कराने के लिए अफसरों ने कंस्ट्रक्शन कंपनी को चेतावनी दी है।