देवास। शासन द्वारा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत मां और बच्चें को पूर्ण सुरक्षा प्रदान करने के लिए जांच, उपचार, प्रसव पश्चात अस्पताल में भर्ती होने पर भोजन और परिवहन की निःशुल्क सेवायें प्रदान की जा रही है। जिले में 01 अप्रैल 2024 से नवम्बर 2024 तक 10 हजार 633 प्रसूताओं को 01 करोड 39 लाख 04 हजार 600 रूपये जननी सुरक्षा योजना की राशि प्रदान की गयी है। इसमें ग्रामीण क्षेत्र की 8 हजार 179 प्रसूताओं और शहरी क्षेत्र की 02 हजार 454 प्रसूताओं को जननी सुरक्षा योजना का लाभ मिला।
जिले में स्वास्थ्य विभाग द्वारा गर्भधारण का पंजीयन गर्भावस्था के प्रथम त्रैमास में आशा, आंगनवाडी कार्यकर्ता के माध्यम से ए.एन.एम. द्वारा अथवा शासकीय स्वास्थ्य संस्था में पंजीयन किया जा रहा है। उन्हें प्रसव पूर्व जांच उपचार सेवाओं का लाभ दिया जा रहा एवं जांच के दौरान यदि हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं का चिंहान्कन होता है तो तत्काल चिकित्सक द्वारा प्रबंधन किया जाकर शासकीय अस्पताल मे सुरक्षित प्रसव कराया जाता है।