इंदौर। रणजीत हनुमान मंदिर से 23 दिसंबर को बाबा की प्रभात फेरी निकलना है। प्रभात फेरी में पांच लाख से ज्यादा भक्तों के आने की उम्मीद है। ऐसे में भीड़ को नियंत्रित करने के लिए ज्यादा पुलिस फोर्स के साथ ही महाकाल की सवारी की तर्ज पर ही बाबा की प्रभातफेरी निकले, ये मंदिर के पुजारी और भक्त मंडल के सदस्य चाहते हैं। इसे लेकर वे जल्द ही प्रशासन से चर्चा करेंगे और अपनी इन मांग को उनके सामने रखेंगे।
आखिर ऐसी मांग क्यों?
पिछले साल निकली प्रभात फेरी में एक युवक की हत्या हो गई थी। ऐसे में मंदिर के पुजारी और भक्त मंडल के सदस्यों की चिंता बढ़ गई है। किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना बाबा की प्रभात फेरी में न हो, इसलिए वे प्रशासन से पुख्ता इंतजाम की मांग करेंगे। मंदिर के मुख्य पुजारी पं.दीपेश व्यास का कहना है- हाल ही में भक्त मंडल के सदस्यों के साथ बैठक हुई। इसमें प्रभात फेरी के लिए सुझाव मांगे गए थे। प्रशासन के साथ बैठक होना है। प्रशासन के समक्ष मांग रखी जाएगी कि महाकाल की सवारी की तर्ज पर ही बाबा की प्रभात फेरी निकाली जाए, यानी बाबा के रथ के आसपास पुलिस का घेरा हो।