नीमच। जिले में 8 दिसंबर से 10 दिसंबर तक सब नेशनल पल्स पोलियो अभियान कार्यक्रम वृहद स्तर पर चलाया जा रहा है। जिसके अंतर्गत 5 वर्ष तक के बच्चों को पल्स पोलियो की दवाई पिलाई जाएगी। इसी कड़ी में नीमच के टाउन हॉल में आज पल्स पोलियो प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सीएचओ, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, एएनएम, आशा कार्यकर्ता व सुपरवाइजर और छात्र-छात्राओं को पल्स पोलियो अभियान का प्रशिक्षण दिया गया।
कार्यक्रम के बारे में जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. बीएल सिसोदिया ने बताया कि नीमच जिले में 802 बूथ के माध्यम से एक लाख नौ हजार दो सौ चौबीस बच्चों को पल्स पोलियांे की दवाई पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। जिसके अंतर्गत 1604 टीम मेंबर, 107 सुपरवाइजर, 18 मोबाइल यूनिट और 21 ट्रांजिट टीमें तैनात रहेंगी। 8 दिसंबर रविवार को बूथ पर दवाई पिलाई जाएगी। बी टाइप बूथ पर दो और सी टाइप बूथ पर एक कार्यकर्ता अपनी सेवाएं देगा।
उल्लेखनीय है कि भारतवर्ष में 2014 से पोलियो समाप्त हो चुका है। लेकिन पाकिस्तान और अफगानिस्तान में पोलियो के केस पाए जाने के चलते सावधानी और सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए सब नेशनल पल्स पोलियो कार्यक्रम चलाया जा रहा है। मध्य प्रदेश के 16 जिलों को पल्स पोलियो के तहत चयनित किया गया है। आज प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत बीएमओ डॉक्टर प्रवीण पांचाल, केएस शक्तावत, वसीम मंसूरी, अरविंद परमार पप्पू राजोरा शराफत खान संगीता यादव आदि मौजूद रहे।