नीमच। महावीर इंटरनेशनल के 52वें स्थापना दिवस के अवसर पर महावीर इंटरनेशनल प्रियदर्शिनी इकाई ने सेवा को उत्सव का स्वरूप देते हुए रेडक्रॉस सोसायटी परिसर स्थित वृद्धाश्रम एवं मूक-बधिर दिव्यांग बच्चियों के बीच स्नेह, अपनत्व और सहयोग का प्रेरणादायी कार्यक्रम आयोजित किया। संस्था के सदस्यों ने वृद्धजनों और बच्चियों के साथ आत्मीय समय बिताया तथा उन्हें दैनिक उपयोग की सामग्री भेंट कर उनके चेहरे पर मुस्कान बिखेरी।
संस्था की अध्यक्ष रजिया अहमद ने बताया कि कार्यक्रम के तहत थाली, गिलास, कटोरी, बिस्किट, नमकीन सहित दैनिक उपयोग की सामग्री के किट तैयार कर 14 मूक-बधिर दिव्यांग बच्चियों एवं 4 वृद्धजनों को वितरित किए गए। यह सेवा कार्य संस्था की अध्यक्ष रजिया अहमद एवं उनके परिवार द्वारा उनके स्वर्गीय ससुर की पुण्य स्मृति को समर्पित किया गया।
इस अवसर पर पूर्व गवर्निंग काउंसिल सदस्य सूरजमल अग्रवाल, मनोहरलाल बंब, के.के. जैन, आशा सांभर, खुमानसिंह सहित संस्था के अनेक सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने सेवा, करुणा और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को जीवन में अपनाने का संदेश देते हुए समाज के जरूरतमंद वर्ग की सहायता के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।