नर्मदापुरम। इटारसी के श्यामा प्रसाद मुखर्जी सिविल अस्पताल सहित जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर कांग्रेस सेवादल यंग ब्रिगेड के प्रदेश अध्यक्ष गजानन तिवारी (गज्जू) ने गुरुवार से जल सत्याग्रह शुरू कर दिया। पोस्ट ऑफिस घाट पर दोपहर 12 बजे प्रदेश अध्यक्ष तिवारी ने नर्मदा नदी में उतर गए। उनके साथ में यूथ कांग्रेस के नगर अध्यक्ष मयूर जायसवाल, अजय सैनी, नेहा चावरे समेत कई नेता समर्थन में उतरे हैं। हर एक घंटे के अंतराल में नर्मदा नदी में आगे यानी गहराई की ओर बढ़ रहे हैं।
प्रदेश अध्यक्ष तिवारी ने कहा कि इटारसी सिविल अस्पताल में डॉक्टरों की नियुक्ति और सुविधाओं को लेकर पिछले 6 साल से लगातार धरना प्रदर्शन, निवेदन ज्ञापन कर रहे हैं। लेकिन हर बार जिला प्रशासन का प्रतिनिधि एसडीएम या तहसीलदार उनके धरने को आश्वासन देकर खत्म करवा देते हैं। उन्होंने कहा वैंटिलेटर, स्थायी विशेषज्ञ डॉक्टर सहित मेडिकल कॉलेज इटारसी में बनाने की मांग पूरी नहीं होती तब तक जल सत्याग्रह जारी रहेगा। उनके समर्थन में पूर्व विधायक गिरिजाशंकर शर्मा समेत कांग्रेस के कई नेता भी पहुंचे, जो नर्मदा किनारे समर्थन में कुछ देर बैठे रहे।
सिटी मजिस्ट्रेट कांग्रेस नेता को मनाने पहुंचे, नहीं माने
जल सत्याग्रह शुरू होने के करीब दो घंटे बाद सिटी मजिस्ट्रेट बृजेंद्र रावत, नायब तहसीलदार सृष्टि डेहरिया पोस्ट ऑफिस घाट जल सत्याग्रह स्थल पर पहुंचे। कांग्रेस नेता गजानन तिवारी से बातचीत कर उनकी मांगों को सुना। सिटी मजिस्ट्रेट ने कहा कि दो दिन बाद रीजनल इन्वेस्टर समिट है, जिसमें सभी व्यस्त हैं। ऐसे मांगों का तत्काल समस्या का समाधान हो पाना संभव नहीं है। उन्होंने जल सत्याग्रह खत्म करने का आग्रह किया। लेकिन वे नहीं माने। जल सत्याग्रह चालू रखा।