उज्जैन। श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति द्वारा संचालित निशुल्क अन्नक्षेत्र के दो मंजिला भवन में अधिक श्रद्धालुओं को भोजन प्रसादी कराने के लिए तैयारियां शुरू हो गई हैं।
अन्नक्षेत्र के प्रतिदिन के भोजन मीनू में भी बदलाव किया जाएगा। इस संदर्भ में गुरुवार को कलेक्टर नीरज कुमार सिंह अन्नक्षेत्र का निरीक्षण करेंगे और बैठक लेकर व्यवस्थाओं को बढ़ाने पर निर्णय लेंगे।
श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति का दो मंजिला नवनिर्मित अन्नक्षेत्र श्री महाकाल महालोक के नंदी द्वार की पार्किंग परिसर में 5 सितंबर 2024 से संचालित किया जा रहा है। यह अत्याधुनिक भवन 370 व्यक्तियों की बैठक क्षमता वाला है, जिसमें समान संख्या में दूसरी मंजिल पर भी व्यवस्था उपलब्ध है। फिलहाल, सुबह 11: 30 बजे से रात 9 बजे तक पहली मंजिल पर एक साथ 370 श्रद्धालु भोजन कर सकते हैं।
शाम 5 से 6 बजे तक सफाई और भोजन बनाने के कारण अन्नक्षेत्र बंद रहता है। यहां भोजन बनाने और अन्य कार्यों में आधुनिक मशीनों का उपयोग किया जा रहा है।