नीमच। पीड़ित व्यक्ति थाने में आकर हंसी खुशी जाना चाहिए। पुलिस पीड़ित की समस्याओं को सहानुभूति पूर्वक सुने। थाने में अच्छा व्यवहार आम आदमी के साथ होना चाहिए। सीमावर्ती जिला होने के नाते नीमच में आपराधिक घटनाओं और अपराधियों पर खास कार्य योजना के तहत ध्यान दिया जा रहा है। यह बात उज्जैन रेंज के एडीजी उमेश जोगा ने पदभार ग्रहण करने के बाद आज प्रथम बार नीमच दौरे पर कही।
वे रविवार देर शाम नीमच कंट्रोल रूम पर पहुंचे उमेश जोगा ने पत्रकारों से कहा कि नीमच पुलिस ने इस साल नारकोटिक्स को लेकर काफी बेहतर काम किया है। संपत्ति संबंधी अपराधों में बेहतर रिकवरी हुई है। महिला अपराधों में काफी कमी आई है। उन्होंने कहा कि ट्रैफिक व्यवस्था पर हमारा खास फोकस रहेगा। उमेश जोगा ने बेहतरीन पुलिसिंग को लेकर नीमच पुलिस की पीठ थपथपाई। साथ ही यह भी कहा कि अभी और बेहतर करने की गुंजाइश है। विशेष रूप से तस्करों पर शिकंजा कसने और सख्त एक्शन की बात भी कही। मीटिंग के दौरान पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल, एडिशनल एसपी नवल सिंह सिसोदिया, जिले के पुलिस अधिकारी ,थाना प्रभारी बच्चों की प्रभारी मौजूद रहे।