नीमच। लम्बे समय से ग्रामीणजन राजपुरिया से जावी, मुण्डला से मांगरोल चक, भंवरासा से जैतपुरा डामर सडक निर्माण की मांग कर रहे थे, इस समस्या को विधायक दिलीप सिंह परिहार ने गंभीरता से लिया और मुख्यमंत्री से आग्रह किया। विधायक के इस आग्रह को मुख्यमंत्री ने तत्परता से लेकर स्वीकृति प्रदान की, जो नीमच विधानसभा के लिए बडी सौगात है।
विधानसभा के शीतकालीन सत्र के अनुपूरक बजट में नीमच विधानसभा में चार डामरीकृत सडकों के लिए 10 करोड रू. की स्वीकृति मिली है। शासन स्वीकृति के बाद टेण्डर बुलाएगा। प्रदेश सरकार द्वारा विधानसभा को सौगात देने से क्षेत्र की जनता को और अधिक सुविधा मिलेगी।
अनुपूरक बजट में राजपुरिया से जावी डामरीकृत सडक (लम्बाई 1.50 किमी) के लिए 213.53 लाख, मुण्डला से मांगरोल चक डामरीकृत सडक (लम्बाई 3.80 किमी) के लिए 369.62 लाख, भंवरासा से जैतपुरा डामरीकृत सडक (लम्बाई 1.60 किमी) के लिए 173.19 लाख, किलेश्वर कॉलोनी कलेक्टोरेट परिसर मार्ग व्हाईट टापिंग कार्य (लम्बाई 1.02 किमी) के लिए 218.79 लाख की स्वीकृति दी गई। स्वीकृति मिलने से ग्रामीण जनता और किसानों को सुविधा मिलेगी।
विधायक दिलीपसिंह परिहार ने नीमच विधानसभा की चार सडकों के निर्माण की स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव एवं लोक निर्माण विभाग मंत्री को धन्यवाद देते हुए आभार जताया है। उक्त सडकों के निर्माण से जनता को आवागमन में सुविधा मिलेगी।