खरगोन। शहर की आनंद नगर स्थित कपास मंडी में भारतीय कपास निगम (सीसीआई) द्वारा की जा रही खरीदी लगातार विवादों में घिरती जा रही है। सोमवार को भी ऐसी ही स्थिति उस वक्त बनी जब सीसीआई को अपनी उपज बेचने के लिए कतार में लगे किसानों के कपास वाहनो को रिजेक्ट कर दिया गया। इसके चलते किसानों ने हंगामा करते हुए सीसीआई सहित मंडी प्रबंधन पर मनमानी एवं अवैध वसूली का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन शुरु कर दिया। हंगामा कर रहे किसानों ने पहले मंडी गेट बंद कर चक्काजाम प्रदर्शन किया फिर अर्धनग्न होकर नारेबाजी की।
कृषक महेश सोलंकी बड़वाह ने नाराजगी जताते हुए कहा कि सरकार जय जवान, जय किसान का नारा लगाती है, यह किसानों के लिए शर्म का कारण बन गया है, आए दिन ठगी का शिकार होने से किसान जय जवान नही, मुर्ख किसान बनता जा रहा है। पिछले चार दिन से उपज लेकर मंडी में डेरा डाले है, अब उपज बिक्री की बारी आई तो कपास रिजेक्ट कर दिया, जबकि अच्छी गुणवत्ता का कपास है। वही मंडी प्रभारी ने किसानों के आरोपों को नकारते हुए कहा कि सीसीआई द्वारा करीब 250 वाहनों की खरीदी की जा रही है, इसमें जो कपास उनके मापदंड पर खरा नही उतरता उसे रिजेक्ट कर दिया जाता है। सोमवार को भी जिनके कपास को रिजेक्ट किया वह किसान प्रदर्शन करने लगे।