चित्तौडगढ़। भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं चित्तौडगढ़ सांसद सीपी जोशी ने आज प्रतापगढ़ जिले की उभरती क्रिकेट प्रतिभा सुशीला मीणा से मिलकर देश में जिले का नाम रोशन करने के लिए बधाई और उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी। इस दौरान कैबिनेट मंत्री हेमंत मीणा एवं धरियावद प्रत्याशी व प्रधान कन्हैयालाल मीणा भी साथ रहे।
सांसद सीपी जोशी ने सुशीला मीणा के साथ क्रिकेट खेला और कहा कि सुशीला सरल है और सशक्त भी है। प्रतापगढ़ का नाम पूरे देश में रोशन किया। सबसे बड़ी बात यह है कि सचिन तेंदुलकर जिन्हे क्रिकेट का भगवान कहा जाता है उन्होंने भी इस छोटी बच्ची का वीडियों वायरल कर प्रशंसा की है। ग्रामीण क्षेत्र से निकली यह बच्ची एक दिन राजस्थान और देश का नाम रोशन करेगी।
सांसद सीपी जोशी ने कहा कि हम सभी का प्रयास है कि यह बच्ची और अच्छा खेलकर आगे बढ़े इसके लिए राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन के संयोजक जयदीप बियाणी से सुशीला के उज्जव भविष्य निर्माण के लिए संरक्षण एवं मार्गदर्शन के संबंध में बात की है। सांसद सीपी जोशी ने बताया कि राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन बच्ची को लेकर उसके उज्ज्वल भविष्य निर्माण के के लिए कोचिंग और खाने-पीने से लेकर सारी सुविधाएं उपलब्ध करवाएगा। इसके बाद सभी ने सुशीला मीणा और उनके पिताजी के साथ भोजन किया इस दौरान बच्ची के उज्जव भविष्य के संबंध में चर्चा की। साँसद जोशी ने प्रदेश के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा व आरसीए के संयोजक जयदीप बिहाणी का आभार भी व्यक्त किया।