सिंगोली। तहसील के ग्राम रेतपुरा में जनकल्याण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों का निराकरण किया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार सिंगोली तहसील के ग्राम रेतपुरा में सोमवार को जनकल्याण शिविर मे कुल 16 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें खेल मैदान के आसपास के अतिक्रमण को समझाइश देकर हटाने के लिए राजी किया गया तथा खेल मैदान का समतली करण करने के लिए विधायक निधि से दिए गए एक लाख रुपए जो कि पंचायत के खाते में जमा हो चुके हैं उनका सदुपयोग करने के निर्देश दिए गए।
शिविर में पीएम किसान का एक आवेदन आने पर उसका तत्काल रजिस्ट्रेशन एवं एक्सएमएल फाइल जनरेट किया गया। जिससे अब किसान के खाते में पीएम सम्मान निधि के रुपए जमा होना शुरू हो जाएंगे।
इनके अलावा अन्य विभागों से जिसमें जिम निर्माण, शौचालय निर्माण, पशु चिकित्सा विभाग, जनपद पंचायत खाद्य विभाग की पर्ची आदि से संबंधित आवेदन भी शिविर में प्राप्त हुए। शिविर का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया तत्पश्चात सभी अतिथियों का माला पहनाकर स्वागत किया गया।
शिविर में जावद जनपद पंचायत अध्यक्ष गोपाल चारण, जनपद सदस्य मदन धाकड़, एसडीएम राजेश शाह, जनपद सीईओ आकाश धार्वे, तहसीलदार राजेश सोनी सहित बड़ी संख्या में किसान एवं ग्रामीणजन उपस्थित थे।