ग्वालियर। भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री एवं ग्वालियर के लाड़ले सपूत अटल बिहारी वाजपेयी का जन्मदिवस 25 दिसंबर को “ग्वालियर गौरव दिवस” के रूप में मनाया जाएगा।
अटल जी के जन्मदिवस पर राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय के सभागार में शाम 4.30 बजे ग्वालियर गौरव दिवस के तहत मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में भव्य आयोजन होगा। इस अवसर पर अटल सम्मान एवं ग्वालियर गौरव सम्मान प्रदान किए जाएंगे।
ग्वालियर गौरव दिवस के आयोजन में सुप्रसिद्ध सिने व भजन गायक सुरेश वाडकर एवं उनके बैंड की प्रस्तुतियां होगी। शिक्षा, खेल, योग, चिकित्सा, समाज सेवा, पर्यावरण संरक्षण एवं अन्य विधाओं में उल्लेखनीय काम कर रहीं ग्वालियर की विभूतियों को ग्वालियर गौरव सम्मान से विभूषित किया जाएगा।
समारोह में अटल जी के जीवन चरित्र पर केन्द्रित लघु फिल्म भी दिखाई जाएगी। साथ ही प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।
तैयारियों को लेकर कलेक्टर ने की बैठक
सोमवार को ग्वालियर कलेक्टर रुचिका चौहान ने कार्यक्रम से संबंधित अधिकारियों की बैठक लेकर ग्वालियर गौरव दिवस की तैयारियों की समीक्षा की। इस अवसर पर उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को कार्यक्रम से संबंधित विभिन्न व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सौंपी।
साथ ही कहा कि समारोह की गरिमा को ध्यान में रखकर सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दें। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विवेक कुमार, अपर कलेक्टर अंजू अरुण कुमार, कुमार सत्यम व टीएन सिंह सहित जिले के एसडीएम एवं अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
25 दिसंबर को मनाया जाएगा ष्तबला दिवसश्
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा 25 दिसंबर 2023 को ग्वालियर दुर्ग पर आयोजित ऐतिहासिक ताल दरबार कार्यक्रम के दौरान की गई घोषणा के अनुपालन में ग्वालियर गौरव दिवस के अवसर पर तबला दिवस भी मनाया जाएगा। पिछले साल इस दिन ग्वालियर के दुर्ग पर 1500 तबला वादकों ने एक साथ तबला बजाकर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया था।
जिसके बाद 25 दिसंबर को सीएम ने तबला दिवस घोषित किया था। इस अवसर पर शहर के कलाकार तबला वादन प्रस्तुत करेंगे।