देवास। कलेक्टर ऋषव गुप्ता की अध्यक्षता में समय-सीमा संबंधी लंबित पत्रों के निराकरण की प्रगति तथा अंतरविभागीय समन्वय से संबंधित मामलों की समीक्षा बैठक कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में संपन्न हुई। बैठक में सीईओ जिला पंचायत हिमांशु प्रजापति, अपर कलेक्टर प्रवीण फुलपगारे, एसडीएम देवास बिहारी सिंह, एसडीएम सोनकच्छ प्रियंका मिमरोट, एसडीएम टोंकखुर्द कन्हैयालाल तिलवारी, डिप्टी कलेक्टर संजीव सक्सेना सहित अन्य विभागों के जिला अधिकारीगण उपस्थित थे। समय-सीमा बैठक में विकासखण्ड स्तरीय अधिकारी वर्चुअल शामिल हुए।
कलेक्टर गुप्ता ने कहा कि जिले में सुशासन सप्ताह अंतर्गत प्रशासन गांव की ओर अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत ग्रामों में शिविर का आयोजन कर नागरिकों को योजनाओं का लाभ दिया जाए। कलेक्टर गुप्ता ने कहा कि “जन कल्याण अभियान” के तहत आयोजित शिविरों में अधिक से अधिक हितग्राहियों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर गुप्ता ने कहा कि जिले में चायनीज मांझे का विक्रय एवं उपयोग को प्रतिबंधित किया है। उन्होंने चायनीज मांझे का विक्रय एवं उपयोग पर जिले में लगातार कार्यवाही जारी रखने के निर्देश दिए।
कलेक्टर गुप्ता ने सायबर सेक्युरिटी के संबंध में जानकारी देते हुए कहा कि अधिकारी डिफॉल्ट पासवर्ड का उपयोग न करें। सभी अधिकारी मजबूत पासवर्ड का उपयोग करें और पासवर्ड को दूसरों के साथ साझा न करें। सॉफ्टवेयर को अपडेट रखें। व्यक्तिगत जानकारी के साथ सतर्क रहें। ऑनलाइन लेनदेन करते समय, सुनिश्चित करें कि वेबसाइट URL 'https' से शुरू होता है और एक पैडलॉक आइकन दिखाता है। डेटा हानि को रोकने के लिए अक्सर महत्वपूर्ण फ़ाइलों का बैकअप किसी बाहरी हार्ड ड्राइव या सुरक्षित क्लाउड सेवा में लें। मैलवेयर की जांच के लिए उन्हें खोलने से पहले हमेशा इंटरनेट से डाउनलोड की गई फ़ाइलों को स्कैन करें। उपयोग के बाद लॉग ऑफ करें। प्रतिष्ठित एंटीवायरस बनाए रखें। वेबकैम को चालू न रखें। संवेदनशील गतिविधियों के लिए सार्वजनिक वाई-फाई का उपयोग न करें। एक ही पासवर्ड का उपयोग कई खातों में न करें। संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें।
कलेक्टर गुप्ता ने लंबित पेंशन प्रकरणों की विभाग वार समीक्षा कर पेंशन प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर गुप्ता ने निर्माणाधीन स्वास्थ्य संरचनाओं की जानकारी लेकर कार्यो को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर गुप्ता ने सीएमएचओ को निर्देश दिए कि डॉक्टर की अटेंडेंस के लिए सार्थक एप का उपयोग करें। कलेक्टर गुप्ता ने कहा कि जिले में सीएम राइज स्कूलों के लिए भूमि का आवंटन करे। कलेक्टर गुप्ता ने तहसीलदार को निर्देश दिए कि जामगोद की पुलिया खुलवाए। उन्होंने नगर निगम क्षेत्र से ईंट भट्टी अन्य जगह स्थान्तरित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर गुप्ता ने सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि फॉमगेट एप पर किसानों और व्यपारियों का पंजीयन कर, फॉमगेट एप से सौदा पत्रक बनवाये। उन्होंने वन ग्राम से राजस्व ग्राम, वन विस्थापन प्रकरणों की जानकारी लेकर प्रकरणों का शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। कलेक्टर गुप्ता ने माताजी की टेकरी पर चल रहे निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत की गई कार्यवाही एवं वसूली की जानकारी लेकर आवश्यक निर्देश दिए।
कलेक्टर गुप्ता ने कहा कि जिले में आनंद उत्सव 14 से 18 जनवरी तक आयोजित होगा। आनंद उत्सव में पंचायत स्तर पर कार्यक्रम आयोजित करें। उन्होंने कहा कि जिले में 27 दिसंबर को हर ग्राम पंचायत में कार्यक्रम का आयोजन करें। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों को आमन्त्रित करें। प्रधानमंत्री जी के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी खाए। कार्यक्रम में स्वामित्व का हितलाभ वितरण करें।
कलेक्टर गुप्ता ने राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिये कि न्यायालय में लम्बित प्रकरणों को निराकरण शीघ्र करें। कलेक्टर गुप्ता ने प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना की समीक्षा कर प्राप्त आवेदनों का सत्यापन करने के निर्देश दिये। कलेक्टर गुप्ता ने कहा कि जिले 70 वर्ष से अधिक आयु के शतप्रतिशत नागरिकों का आयुष्मान कार्ड बनाये।