नीमच। कोविड- 19 महामारी संकट के दौरान पुलिस महकमे ने लॉ एंड ऑर्डर की जिम्मेदारी के निर्वहन के साथ मेडिसिन वितरण, ऑक्सीजन वितरण और और अस्पताल में ड्यूटी के कर्तव्य को बखूबी निभाया। पुलिस डिपार्टमेंट मुस्तैदी के साथ कॉविड की पहली और दूसरी लहर में तैनात रहा। इसकी जितनी प्रशंसा की जाए कम है।
यह बात नीमच जिले के पुलिस कप्तान अंकित जायसवाल ने नीमच पुलिस कंट्रोल रूम पर कर्मवीर योद्धा पदक प्रदान करने हेतु आयोजित किए गए समारोह में कही। इस अवसर पर एडिशनल एसपी नवल सिंह सिसोदिया ने कहा कि कोविड के समय काफी कठिन परिस्थितियां थी। पुलिस ने अपनी जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा के साथ जान की परवाह किए बगैर अंजाम दिया।
उल्लेखनीय है कि कोविड-19 महामारी में उत्पन्न संकट के दौरान उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले नीमच जिले के 303 पुलिस अधिकारी व पुलिस कर्मियों को कर्मवीर योद्धा पदक से मध्य प्रदेश शासन द्वारा नवाजा गया है। आज कंट्रोल रूम पर पुलिस के 30 अधिकारी व कर्मचारियों का एसपी अंकित जायसवाल, एडिशनल एसपी नवल सिंह सिसोदिया और सीएसपी अभिषेक रंजन द्वारा सम्मान किया गया। सम्मान समारोह में एसपी अंकित जायसवाल, एडिशनल एसपी नवल सिंह सिसोदिया, निकिता सिंह,शफी मेव, विकास पटेल, विजय सागरिया, जितेंद्र वर्मा, उर्मिला सिंह चौहान, सौरभ शर्मा,धर्मेंद्र गौड़,प्रदीप शिंदे आदि को प्रशस्ति पत्र और मेडल प्रदान किए गए। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ पत्रकार विष्णु परिहार ने किया।