रतलाम। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने रतलाम में सोमवार को शौर्य यात्रा निकाली। यात्रा के पहले बौद्धिक हुआ। यहां वक्ताओं ने अपने-अपने विचार रखे। दोपहर एक बजे से बड़ी संख्या में विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल के पदाधिकारी एवं सदस्य साइंस एंड आर्ट्स कॉलेज में एकत्र हुए।
यहां पर प्रांत संगठन मंत्री खगेंद्र भार्गव का बौद्धिक हुआ। दोपहर 4 बजे कॉलेज ग्राउंड परिसर से शौर्य यात्रा शिवाजी, देश भक्ति गीतों एवं जय श्रीराम के उद्घोष के साथ शुरू हुई।
नगर निगम तिराहा, पैलेस रोड, डालूमोदी बाजार, घांस बाजार, चौमुखीपुल, चांदनी चौक, तोपखाना, गणेश देवरी, धानमंडी, शहीद चौक, शहरसराय, लोकेंद्र टॉकीज, जेल रोड होते हुए वापस कॉलेज ग्राउंड पहुंची और फिर यहां समापन हुआ।
शौर्य यात्रा में कई युवा साफा पहनकर पहुंचे। युवा हाथ में गदा, लठ, शस्त्र हाथों में लेकर पैदल चल रहे थे। जगह-जगह पर सामाजिक, राजनीतिक संगठनों, संस्थाओं ने स्वागत किया। शौर्य यात्रा को लेकर सुबह से पुलिस बल मुस्तैद रहा।