नीमच। जिला मुख्यालय पर अवैध रेती से भरे ओवरलोडिंग ट्रैक्टर और डंपर मुख्य मार्ग पर प्रवेश करते हैं, लेकिन इन्हें रोकने टोकने वाला कोई नहीं। यहां तक की ओवरलोडिंग ट्रैक्टर बिना नंबर के मुख्य मार्ग पर स्टंट करते हुए आम राहगीरों के लिए जानलेवा बने हुए हैं। इन रेत माफिया के हौंसले इतने बुलंद हो गए हैं कि पत्रकार अगर इनका कवरेज करें तो उन्हें भी धमकाया जा रहा है। जिसको लेकर आज पत्रकारों में खासा आक्रोश देखा गया, जिसके बाद बड़ी संख्या में पत्रकार लामबंद होकर कलेक्टर हिमांशु चंद्रा और एसपी अंकित जायसवाल से मिले और अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की मांग की गई। पत्रकारों ने अधिकारियों से मांग की है कि 5 जनवरी को डाक बंगले चौराहे पर पत्रकार बबलू किलोरिया को कवरेज करने से धमकाने वाले आरोपी महावीर गुर्जर के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। पत्रकारों के ज्ञापन के दौरान कलेक्टर और एसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन दिया। साथ ही पत्रकार को धमकाने वाले के खिलाफ सख्त कार्रवाई के संबंधित थाना प्रभारी को निर्देश दिए।