भोपाल। उत्तर भारत से आ रही सर्द हवाओं से मध्य प्रदेश में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। प्रदेश के कई इलाकों में अगले 48 घंटों में ठिठुरन बढ़ेगी। आज 29 जिलों में घना कोहरा छाया रहेगा। मौसम विभाग ने सतना-रीवा समेत 11 जिलों में कोल्ड डे की संभावना जताई है। वहीं 12 जनवरी से कुछ जिलों में हल्की बारिश भी होने के आसार है।
मध्य प्रदेश में शीतलहर के चलते ठंड बढ़ गई है। प्रदेश में शीतलहर से अगले दो-तीन दिन और ठंड बढ़ेगी। कल मंगलवार को दिन के तापमान में 6 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। सबसे ज्यादा 6.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट भोपाल में दर्ज की गई। जबकि, सिवनी और मंडला में 5 डिग्री और बैतूल में 4.5 डिग्री सेल्सियस पारा गिरा है। कई इलाकों में रात का न्यूनतम तापमान 6 डिग्री रिकॉर्ड हुआ।
प्रदेश में सबसे कम तापमान पचमढ़ी में 7.0, नीमच में 7.3, रतलाम में 7.4 नौगांव में 7.5, राजगढ़ में 7.6 डिग्री सेल्सियस पारा दर्ज हुआ है। वहीं मौसम विभाग ने आज बुधवार को एमपी के 29 जिलों में घने कोहरे और 11 जिलों में कोल्ड डे की संभावना जताई है। ग्वालियर, शिवपुरी, दतिया, मुरैना, भिंड जिलों में घना कोहरा और कोल्ड डे का अलर्ट जारी किया है। वहीं, सतना, रीवा, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी और मैहर जिलों में मध्यम कोहरे के साथ कोल्ड डे रहने की संभावना है।
सिंगरौली, सीधी, और मऊगंज जिले में मध्यम कोहरा रहेगा। जबकि भोपाल, उज्जैन, जबलपुर, विदिशा, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, नरसिंहपुर, नर्मदापुरम, रतलाम, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, कटनी और डिंडोरी में हल्का कोहरा रहने की संभावना है।