नीमच। शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने की दृष्टि से नीमच नगर पालिका परिषद द्वारा शहर के मुख्य बाजार, चौराहों और रिहायशी क्षेत्र में डस्टबिन लगाने का काम युद्ध स्तर पर किया जा रहा है। इस कार्य की गुणवत्ता और जगह को लेकर आज नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा अपनी टीम के साथ निरीक्षण पर निकली। उन्होंने शहर की विभिन्न जगहों पर जाकर लगे डस्टबिन और इस संदर्भ में कार्य की प्रगति को देखा।
उल्लेखनीय है कि शहर में 275 जगह पर डस्टबिन लगाए जाएंगे। 202 जगह चिन्हित कर ली गई है। 100 से अधिक डस्टबिन लग चुके हैं। इसके लिए मजबूती का ध्यान रखते हुए दो बाय चार का सीसी प्लेटफार्म तैयार किया गया है। प्रत्येक जगह पर लोहे की फ्रेम में दो डस्टबिन लगाए गए है। 3600 रूपए प्रतिस्थल के हिसाब से डस्टबिन की लागत आ रही है। डस्टबिन की कैपेसिटी 60 लीटर है। सूखे और गीले कचरे की व्यवस्था की गई है।
नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा ने निरीक्षण के दौरान नागरिकों को डस्टबिन में कचरा डालने हेतु खास अपील की। स्वाति चोपड़ा ने बताया कि डस्टबिन का कचरा इकट्ठा करने हेतु विशेष सबसे कचरा वाहन संचालित किये जाएंगे। इस दौरान उनके साथ उपाध्यक्ष रंजना करण परमाल, सभापति धर्मेश पुरोहित, पार्षद शशि कल्याणी, योगेश कविश्वर, रामचंद्र धनगर और नगर पालिका के कर्मचारी मौजूद रहे।