अनूपपुर। मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना के तहत 26 मार्च 2025 को अनूपपुर रेलवे स्टेशन से विशेष रेलगाड़ी से अयोध्या धाम की यात्रा करेंगे। जिले के 279 यात्री तीर्थ यात्रा पर जा सकेंगे। तीर्थ यात्रियों की विशेष रेलगाड़ी से तीर्थ यात्रा के पश्चात 31 मार्च को वापसी होगी। वरिष्ठ नागरिक मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन यात्रा के लिए 14 जनवरी 2025 तक आवेदन कर सकते हैं।
जिला पंचायत सीईओ और मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना के अध्यक्ष तन्मय वशिष्ठ शर्मा ने बताया कि यात्रा के लिए ग्रामीण क्षेत्रों के वरिष्ठ नागरिक ग्राम पंचायत सचिव के माध्यम से तथा नगरीय क्षेत्रों के वरिष्ठ नागरिक सीएमओ के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। आवेदन पत्र प्राप्त करते समय संबंधित संस्था यह सुनिश्चित करेगी कि यदि पति-पत्नी दोनो यात्रा करने के इच्छुक हों, तो उनके आवेदन एक साथ प्राप्त कर संलग्न किए जाएं।
65 वर्ष की आयु सीमा पूर्ण करने वाले आवेदक यदि अकेले या पति-पत्नी दोनों यात्रा पर जा रहे हैं, सहयोगी की मांग कर रहे हैं, तो उनके सहयोगी का आवेदन भी भराया जाकर आवेदन के साथ में संलग्न किया जाए।
जिला पंचायत सीईओ ने बताया कि 60 प्रतिशत से अधिक दिव्यांग यदि यात्रा में जाना चाहता है, तो उसे भी सहयोगी के साथ भेजा जा सकेगा। बशर्ते डॉक्टर द्वारा उसे यात्रा में जाने के लिए सक्षमता, फिटनेस प्रमाण पत्र जारी किया गया हो।
साथ ही, यात्रियों से ओरिजिनल आधार, वोटर आईडी और फोटो रखने व यात्रा के दौरान ट्रेन में कोविड के प्रोटोकॉल व सोशल डिस्टेंसिंग के पालन की अपेक्षा की गई है।