सीहोर। अयोध्या में श्रीराम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के एक वर्ष पूरा होने पर सीहोर में 11 जनवरी को प्रतिष्ठा द्वादशी मनाई जाएगी। इस दिन को गौरव दिवस के रूप में मनाने का निर्णय छावनी उत्सव समिति की बैठक में लिया गया।
ये बैठक सिद्ध हनुमान मंदिर के पास स्थित नमक चौराहा में आयोजित हुई। बैठक में शहर के नागरिक और उत्सव समितियों के सदस्य शामिल हुए। इस दौरान प्रतिष्ठा द्वादशी को विशेष रूप से मनाने के लिए कई कार्यक्रमों का प्रस्ताव रखा गया।
प्रभात फेरी में किया जाएगा राम नाम का
इस दिन सुबह 7 बजे से हनुमान मंदिर से प्रभात फेरी शुरू होगी, जो छावनी के अलग-अलग मार्गों से होते हुए जगदीश मंदिर पहुंचेगी। इस फेरी में भजन के साथ-साथ 5 लाख 25 हजार राम नाम का जाप भी किया जाएगा।
सुमधुर बधाई गीत का होगा आयोजन
गौरव दिवस पर जगदीश मंदिर सब्जी मण्डी में शाम 5 से 7 बजे तक भगवान को झूला झुलाते हुए बधाई गीत का आयोजन किया गया है। यहां श्रीराम जानकी के 108 नामों पर पुष्प व सिंदूर से अर्चन किया जाएगी।
ये दिन हिन्दू समाज के लिए गौरव का प्रतीक है
छावनी उत्सव समिति और सीता वाहिनी छावनी ने नगरवासियों से अपील की है कि वे इस दिन भगवा ध्वज अपने घरों पर फहराएं। साथ ही 5 दीपक जलाकर रंगोली बनाएं और आतिशबाजी का आयोजन करें। समिति ने कहा कि ये दिन हिन्दू समाज के लिए गौरव का प्रतीक है।