खरगोन। शहर के इतिहास में संभवत ऐसी प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है, जो न केवल स्कूली विद्यार्थी बल्कि, युवा, बुजुर्ग, अधिकारी- कर्मचारी हर वर्ग इसमें रुचि दिखा रहे है, यह अनूठी प्रदर्शनी मुद्रा महोत्सव के तहत राधाकुंज में लगाई गई है। दो दिवसीय इस प्रदर्शनी में विश्वभर के करीब 150 देशों के पुराने नोटों और सिक्कों के साथ ही मोहरे, स्टॉम्प, चेक आदि का संग्रह प्रदर्शित कि जा रही है। लोकमाता देवी अहिल्या जन्म त्रयोदशी महोत्सव के उपलक्ष्य में जिला पुरातत्व, पर्यटन और संस्कृति विभाग के सहयोग से आयोजित प्रदर्शनी का शुभारंभ विधायक बालकृष्ण पाटीदार, कलेक्टर कर्मवीर शर्मा, जिला पंचायत सीईओ आकाश सिंह ने किया। विधायक ने उक्त प्राचीन मुद्राओं, दस्तावेजो के संग्रह के लिए महाजन की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रदर्शनी से निश्चित नई पीढ़ी को हमारे इतिहास को जानने का मौका मिलेगा। मुद्रा संग्रह करने वाले महाजन ने बताया कि उन्होंने अपने दादा के पास पुराने समय का सिक्का देखा था, जिसके बाद उन्हें प्राचीन संस्कृति से जुड़ी चीजें खासकर मुद्रा एकत्रित करने में रुचि हुई और धीरे- धीरे यह जुनून बन गया। उनका कहना है कि वह इतिहास पर आधारित पुस्तक लिखने का भी प्रयास कर रहे है।