इंदौर। केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी आज इंदौर आएंगे। नितिन गडकरी इंदौर के पीथमपुर स्थित नैट्रेक्स पर आयोजित होने वाले बाहा इंडिया कार्यक्रम में शामिल होंगे। वहां पर भारत की पहली हाइड्रोजन-सीएनजी बाहा बगी का अनावरण करेंगे। बताया जा रहा है कि मंत्री गडकरी सुबह विमान से नई दिल्ली से इंदौर पहुंचेंगे। जिसके बाद वह इंदौर एयरपोर्ट से हेलिकॉप्टर से पीथमपुर जाएंगे।
अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार मंत्री नितिन गडकरी इंदौर पहुंचने के बाद हेलिकॉप्टर से पहले इंदौर-अकोला फोर-लेन हाईवे परियोजना के तहत निर्माणाधीन तेजाजी नगर-बलवाड़ा सेक्शन का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद वह पीथमपुर के लिए रवाना होंगे, जहां वे नेट्रैक्स द्वारा आयोजित बाहा इंडिया कार्यक्रम में शामिल होंगे।
पीथमपुर से लौटकर गडकरी दोपहर में ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में इंदौर और आसपास के क्षेत्रों में चल रही नेशनल हाईवे परियोजनाओं की समीक्षा करेंगे। इस बैठक में इंदौर और आसपास के प्रोजेक्ट इम्प्लिमेंटेशन यूनिट के परियोजना निदेशक भी शामिल होंगे। बैठक के दौरान इंदौर की पश्चिमी रिंग रोड समेत अन्य परियोजनाओं में प्रदेश सरकार की ओर से आ रही अड़चनों के बारे में उन्हें जानकारी दी जाएगी।
पहली हाइड्रोन-सीएनजी बाहा बगी का अनावरण
भारत की पहली हाइड्रोजन-सीएनजी बाहा बगी का अनावरण होगा। यह वाहन वोल्वो आयशर द्वारा व्यवस्थित 5 प्रतिशत हाइड्रोजन और सीएनजी के मिश्रण से संचालित है। इसका इंजन ग्रीव्स कॉटन का बाइ-फ्यूल इंजेक्शन है, जो स्थिर गतिशीलता की दिशा में एक बड़ा कदम है। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी इस 18वें संस्करण का उद्घाटन करेंगे और देश की पहली हाइड्रोन-सीएनजी बाहा बगी को झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
वोल्वो ग्रुप इंडिया की उपाध्यक्ष मारिया एबेसन ने बताया-
2025 में सीएनजी में 5 प्रतिशत हाइड्रोजन मिश्रण का उपयोग किया जाएगा और 2026 में इसे बढ़ाकर 18 प्रतिशत किया जाएगा।
नाथ मंदिर में दर्शन के लिए भी जाएंगे
गडकरी इंदौर में नाथ मंदिर के दर्शन के लिए भी जाएंगे। सूत्रों के अनुसार, मंत्री सुबह विमान से नई दिल्ली से इंदौर पहुंचेंगे। हाईवे निरीक्षण और समीक्षा बैठक के बाद वे शाम को इंदौर से नागपुर के लिए रवाना होंगे। हाईवे निरीक्षण के दौरान एनएचएआई के अधिकारी भी उनके साथ मौजूद रहेंगे, जो उन्हें इंदौर यूनिट द्वारा बनाए जा रहे हाईवे के संबंध में विस्तृत जानकारी देंगे।