सतना। दो दिवसीय गौरव दिवस समारोह की शुरुआत प्लाग रन से हुई। शुक्रवार की सुबह नगर निगम परिसर से मेयर योगेश ताम्रकार ने हरी झंडी दिखाकर प्लाग रन को रवाना किया। कार्यक्रम में नगर निगम अध्यक्ष राजेश चतुर्वेदी, कलेक्टर अनुराग वर्मा, नगर निगम कमिश्नर शेर सिंह मीणा सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
राष्ट्रगान के साथ समाप्त हुआ प्लाग रन
प्लाग रन में हर आयु वर्ग के लोगों ने उत्साह से भाग लिया। यह दौड़ नगर निगम कार्यालय से शुरू होकर सर्किट हाउस चौक, स्टेशन रोड और धवारी तिराहा होते हुए दादा सुखेन्द्र सिंह स्टेडियम में समाप्त हुई। कार्यक्रम के दौरान मेयर ने सभी प्रतिभागियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई और राष्ट्रगान के साथ प्लाग रन का समापन किया गया।
सतना नगर निगम की स्थापना की वर्षगांठ पर आयोजित समारोह
सुबह 10 बजे से स्टेडियम में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें दौड़, बॉलीबॉल, म्यूजिकल चेयर, लगोरी (पिट्टू), बास्केटबॉल, फुटबॉल और रस्साकस्सी जैसी प्रतियोगिताएं शामिल थीं। इन खेलों में किसी भी आयु वर्ग के लोग भाग ले सकते थे। बता दें कि 25 जनवरी 1981 को सतना नगर पालिका निगम की स्थापना हुई थी। पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के आह्वान पर लगातार तीसरे वर्ष सतना गौरव दिवस मनाया जा रहा है।