भोपाल। स्टाफ और अधिकारियों की कमी से जूझ रही सरकार कई अफसरों को काम ही नहीं सौंप पा रही। राज्य प्रशासनिक सेवा के ऐसे आधा दर्जन अधिकारी हैं जिन्हें चार से दस माह के अंतराल के बाद कोई काम सौंपा गया है। लोकसभा चुनाव के पहले हटाए गए अपर कलेक्टर स्तर के एक अधिकारी को तो अब पोस्टिंग मिली है।
ऐसी ही स्थिति केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के विधानसभा क्षेत्र में पदस्थ रहे एसडीएम के मामले में भी है। उन्हें छह माह बाद पोस्टिंग दी गई है। सामान्य प्रशासन विभाग (जीएडी) ने 19 फरवरी को आधा दर्जन अफसरों की पोस्टिंग लिस्ट जारी की है। उसमें भी इन्हें फील्ड की बजाय मंत्रालय में ही पोस्टिंग दी गई है।
जीएडी के आदेश में शंकर लाल सिंगाड़े को उपसचिव अनुसूचित जाति कल्याण विभाग, राधेश्याम बघेल को अवर सचिव वित्त विभाग, संदीप सिंह को अवर सचिव उद्यानिकी, आयुषी जैन को अवर सचिव जीएडी, अभिषेक सिंह को अवर सचिव पीएचई तथा मोहम्मद सिराज को ओएसडी जनजातीय कार्य विभाग के पद पर तैनात किया गया है।