ग्वालियर। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत ग्वालियर के 300 बुजुर्गों को लेकर स्पेशल ट्रेन रविवार ( 23 फरवरी) को नागपुर तीर्थ यात्रा के लिए रवाना होगी। रविवार सुबह लगभग 11.40 बजे इस तीर्थ दर्शन स्पेशल ट्रेन का ग्वालियर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 4 पर आना संभावित है।
नागपुर तीर्थ यात्रा के लिए चुने गए ग्वालियर के बुजुर्गों को सुबह 8.40 बजे रेलवे स्टेशन पर पहुंचना होगा, जिससे यात्रा संबंधी औपचारिकताएं पूरी की जा सकें। तीर्थ दर्शन कराने के बाद 26 फरवरी को यह स्पेशल ट्रेन वापस ग्वालियर लौटेगी।
यात्रा में यहां कराए जाएंगे दर्शन
मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन यात्रा के तहत ग्वालियर के 300 बुजुर्गों सहित अन्य शहरों से जाने वाले सीनियर सिटिजन को नागपुर में दीक्षाभूमि स्तूप, रामटेक मंदिर, शिव मंदिर, जैन मंदिर जैसे पवित्र स्थलों के दर्शन कराए जाएंगे।
यात्रियों को यह दस्तावेज लाने होंगे
संयुक्त कलेक्टर संजीव जैन ने बताया कि यात्रा के लिए चयनित सभी बुजुर्गों से आग्रह किया गया है कि वे अपने साथ ओरिजिनल आधार कार्ड, वोटर कार्ड व आयकरदाता नहीं होने संबंधी प्रमाणीकरण अवश्य लाएं। उन्होंने चयनित यात्रियों से मौसम के अनुरूप कपड़े, व्यक्तिगत उपयोग की सामग्री मसलन कंबल, चादर, तौलिया, साबुन, कंघा, दवाइयांभी साथ में लाने का आग्रह किया है।
निरूशुल्क रहेगी तीर्थ दर्शन
संयुक्त कलेक्टर जैन ने बताया कि नागपुर तीर्थ कराने जा रही स्पेशल ट्रेन में तीर्थ यात्रियों की देखरेख व सहयोग के लिए 6 शासकीय अनुरक्षक भी भेजे जा रहे हैं। प्रदेश सरकार द्वारा बुजुर्गों को यह यात्रा पूर्ण रूप से निःशुल्क कराई जा रही है। यदि कोई यात्री विशिष्ट सुविधाएं प्राप्त करना चाहता है, तो उसका खर्चा यात्री को स्वयं वहन करना होगा।