नीमच। शहर में जगह का चयन कर जल्द ही सीएम राइज़ स्कूल के नए भवन का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। मैकाले शिक्षा पद्धति हम पर थोपी गई थी। अब वर्तमान सरकार द्वारा लाई गई नई शिक्षा पद्धति बच्चों को आत्मनिर्भर बनाएगी।
यह बात नीमच के विधायक दिलीप सिंह परिहार ने उपनगर बघाना में करीब एक करोड रुपए की लागत से निर्मित शासकीय हाई स्कूल के नवीन भवन के लोकार्पण कार्यक्रम में कही। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में भाजपा की सरकार ने आमूल चूल परिवर्तन किया है। विद्यार्थियों को तमाम सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही है।
दिलीप सिंह परिहार ने बच्चों को भारत का भविष्य बताते हुए विद्यार्थियों को सलाह दी की वे पढ़ाई के साथ अपने स्वास्थ्य का ख्याल रखें। परिहार ने विद्यालय के बाउंड्री वॉल निर्माण के लिए विधायक निधि से राशि उपलब्ध कराने की घोषणा भी की। नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा ने बच्चों को अच्छा नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया। भाजपा जिला अध्यक्ष वंदना खंडेलवाल ने कहा कि विद्यार्थी पढ़ लिखकर देश का नाम गौरवान्वित करे। कार्यक्रम की शुरुआत मां शारदे की वंदना के साथ की गई। स्वागत भाषण जिला शिक्षा अधिकारी एस एम मांगरिया ने दिया। इस अवसर पर हेमंत हरित, आदित्य मालू, मोहन राणावत, सुशीला ग्वाला मंचासीन रहे। कार्यक्रम का संचालन प्राचार्य मुकेश जैन और रितु जायसवाल ने किया।