कुकड़ेश्वर। नीमच जिले में साइबर सेल ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए लगभग 18 लाख रुपये मूल्य के गुम हुए मोबाइल रिकवर किए हैं। पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल के निर्देशन में विभिन्न व्यक्तियों के आवेदन पर कार्यवाही करते हुए साइबर सेल ने यह उपलब्धि प्राप्त की।
इस अभियान के तहत कुकड़ेश्वर थाना क्षेत्र से 10 मोबाइल उनके असली मालिकों को सौंपे गए। यह वितरण कुकड़ेश्वर थाने परिसर में आयोजित शांति समिति की बैठक में किया गया। इस दौरान कई प्रशासनिक और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे, जिनमें एसडीओपी विमलेश उईके, थाना प्रभारी सौरभ शर्मा, नायब तहसीलदार नितिन छलोत्रे, सुपरवाइजर नितिन उईके, नगर परिषद प्रतिनिधि रमेश मोदी, विधायक प्रतिनिधि कैलाश घाटी, नरेंद्र मालवीय, एवं पत्रकारों सहित नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
गुम हुए मोबाइल मिलने पर लोगों ने पुलिस प्रशासन की इस त्वरित और सराहनीय कार्यवाही के लिए आभार व्यक्त किया। थाना प्रभारी सौरभ शर्मा ने नागरिकों से अपील की कि यदि किसी का मोबाइल गुम हो जाए, तो तुरंत पुलिस में रिपोर्ट करें ताकि साइबर सेल की मदद से जल्द से जल्द मोबाइल को ट्रेस किया जा सके।