रतलाम। सीएम राइज विनोबा हायर सेकेंडरी स्कूल की तीन छात्राओं का चयन राज्य स्तरीय अंग्रेजी ओलंपियाड और सम्मान समारोह के लिए हुआ है। राज्य शिक्षा केंद्र भोपाल की ओर से सूची में स्कूल की हिरल पंवार, खुशी और हिमानी शर्मा ने अलग-अलग स्तरों पर सफलता प्राप्त कर यह उपलब्धि हासिल की है।
रतलाम जिले से 7 छात्रों का हुआ चयन
रतलाम जिले से कुल 7 छात्रों का चयन राज्य स्तरीय ओलंपियाड के लिए हुआ है, जिनमें से तीन छात्राएं सीएम राइज विनोबा हायर सेकेंडरी स्कूल की हैं। स्कूल के वाइस प्रिंसिपल गजेंद्र सिंह राठौर ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए इसे शिक्षकों द्वारा ओलंपियाड और अन्य प्रतियोगिताओं की नियमित तैयारी का परिणाम बताया।
20 मार्च को भोपाल में होगा सम्मान समारोह
प्रभारी प्रधान अध्यापक अनिल मिश्रा ने बताया कि चयनित छात्राएं 20 मार्च को अपने माता-पिता और शिक्षकों के साथ भोपाल में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय ओलंपियाड और सम्मान समारोह में शामिल होंगी।
राज्य स्तरीय उपलब्धि पर जिला शिक्षा अधिकारी अनिता सागर, स्कूल प्रिंसिपल संध्या वोरा, सीमा चौहान, शोभा ओझा, कविता वर्मा, हर्षिता सोलंकी, अनिता शर्मा आदि ने चयनित छात्राओं को शुभकामनाएं दी हैं।