इंदौर। शहर में बनने वाले 40 करोड़ के अहिल्या स्मारक में हर नागरिक योगदान देगा। एआई-डिजिटल आधारित इस स्मारक में मां नर्मदा स्वयं अपनी परम भक्त देवी अहिल्या की कथा सुनाएंगी। स्मारक में एआई एनिमेटेड होलोग्राम व थ्री-डी तकनीक से देवी अहिल्या के प्रत्यक्ष रूप से रूबरू होने का एहसास हो सकेगा। स्मारक का भूमिपूजन सोमवार सुबह 11 बजे लालबाग परिसर में रामपुर कोठी, पुराने आरटीओ भवन की जमीन पर होगा।
वास्तविकता के करीब रहेगा चित्रण- वास्तुकला-डिजाइन का काम देख रहे हिमांशु दुधवड़कर व श्रेया भार्गव ने बताया, अत्याधुनिक एआई एनिमेटेड होलोग्राम तकनीक का प्रयोग कर हर प्रसंग को थ्री डी में प्रस्तुत करेंगे। लोग माता अहिल्या के वास्तविक स्वरूप को देख सकेंगे।
स्मारक के प्रयास लंबे समय से जारी थे
स्मारक प्रतिष्ठान की अध्यक्ष एवं पूर्व लोकसभा स्पीकर सुमित्रा महाजन व विनोद अग्रवाल ने बताया देवी अहिल्याबाई के व्यक्तित्व एवं कृतित्व से सुसज्जित स्मारक के प्रयास जारी थे। स्मारक ट्रस्ट के मानद सचिव अशोक डागा व रामस्वरूप मूंदड़ा ने बताया कार्यक्रम में विष्णुप्रपन्नाचार्य महाराज, अन्ना महाराज, दादू महाराज, दादा भाई शास्त्री मौजूद रहेंगे।