नीमच। पत्रकार हरिश अहीर पर झूठा मुकदमा दर्ज किए जाने से पत्रकार जगत में जबरदस्त आक्रोश व्याप्त है। पत्रकारों ने पत्रकार हरिश अहीर पर मुकदमा दर्ज किए जाने को लेकर आज एसपी कार्यालय पर अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया।
पत्रकारों का कहना था कि पुलिस ने बिना जांच किये हरीश अहीर पर मामला दर्ज कर लिया। आक्रोशित पत्रकारों ने एसपी कार्यालय पर धरना देकर जमकर नारेबाजी की। बताते चले कि बीते दिनों जनपद पंचायत परिसर में पत्रकार हरीश अहीर को तस्करी के आरोपी धर्मेंद्र धनगर द्वारा जान से मारने की धमकी दी गई थी।जिसके बाद पत्रकारों ने एकजुट होकर धर्मेंद्र धनगर पर प्रकरण दर्ज करने की पुलिस से मांग की थी और पुलिस ने धर्मेंद्र के खिलाफ प्रकरण दर्ज भी कर लिया। तत्पश्चात धर्मेंद्र धनगर ने अपने रसूख का इस्तेमाल करते हुए दबाव बनाकर हरिश अहीर पर मुकदमा दर्ज करवा दिया। पत्रकारों का कहना था कि पुलिस ने किसी प्रकार की जांच किए बिना मुकदमा दर्ज किया है। पत्रकारों के धरने पर बैठने के बाद एडिशनल एसपी ने पत्रकारों से चर्चा की और आश्वासन दिया कि मामले की पूरी जांच की जाएगी।