उज्जैन। माध्यमिक शिक्षा मंडल की 12वीं बोर्ड परीक्षाएं मंगलवार से शुरू हो गई हैं। उज्जैन जिले में कुल 78 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें से 11 केंद्र संवेदनशील हैं। इस वर्ष जिले में कुल 15,599 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। नकल रोकने के लिए 40 निरीक्षण दल गठित किए गए हैं। एक हजार पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं। परीक्षा के दौरान कुल 1,500 स्टाफ ड्यूटी पर तैनात है।
पहले दिन हिंदी विषय की परीक्षा सुबह 9 से दोपहर 12 बजे तक आयोजित की जा रही है। परीक्षा शुरू होने से पहले स्टूडेंट्स की सख्त जांच की गई। बैग, पर्स और मोबाइल फोन बाहर रखवाए गए। दशहरा मैदान स्थित गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल में स्वेच्छा से नकल सामग्री जमा करने के लिए श्ईमानदारी की पेटीश् रखी गई है। केंद्र अध्यक्ष जितेंद्र चौबे ने बताया कि उनके केंद्र पर 236 स्टूडेंट परीक्षा दे रहे हैं।
सुबह थानों से प्रश्नपत्रों के बंडल कलेक्टर प्रतिनिधि और केंद्र अध्यक्षों द्वारा एकत्र किए गए। दोनों अधिकारियों ने सेल्फी लेकर मंडल को रिपोर्ट भेजी है। बता दें कि 27 फरवरी से 10वीं बोर्ड की परीक्षाएं शुरू होंगी। इसमें 24,174 स्टूडेंट शामिल होंगे। ये परीक्षाएं भी 78 केंद्रों पर आयोजित की जाएंगी।
केंद्र के बाहर रखी ईमानदारी की पेटी
शासकीय कन्या उमावि दशहरा मैदान के केंद्र अध्यक्ष जितेंद्र चौबे ने बताया कि स्टूडेंट्स के लिए कक्ष में सभी व्यवस्थाएं की गई है। बच्चों से कहा है कि कोई भी मोबाइल या किसी तरह के कागज नहीं लाए। यदि गलती से कोई कागज ले आता है तो हमने गेट पर ईमानदारी की पेटी लगाई है। जिसमें कागज डाल सकते हैं। परीक्षा केंद्र पर सभी परीक्षार्थियों की चौकिंग करने के बाद ही प्रवेश दिया गया।
जहां से फार्म भरा वही पहुंचे बच्चे
हायर सेकेंडरी की परीक्षा के पहले दिन दशहरा मैदान गर्ल्स स्कूल में ऐसे प्राइवेट स्टूडेंट भी पहुंचे थे, जिन्होंने उसी स्कूल से परीक्षा फॉर्म भरा था, लेकिन परीक्षा केंद्र अन्य स्कूल में था। हालांकि प्रवेश पत्र में केंद्र का उल्लेख होने के बाद भी ग्रामीण क्षेत्र के बच्चे बिना पढ़े ही स्कूल में परीक्षा के लिए पहुंच गए। ऐसे विद्यार्थियों को तत्काल उनके केंद्र पर जाने के लिए कहा गया।