मंदसौर। शहर के पशुपतिनाथ मंदिर में महाशिवरात्रि पर्व की तैयारियों को लेकर कल सोमवार शाम एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। डीएम अदिति गर्ग और एसपी अभिषेक आनंद ने मंदिर प्रबंध समिति के सदस्यों और पुजारियों के साथ व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कई अहम निर्णय भी लिए गए। मंदिर में प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग पॉइंट बनाए जाएंगे। दिव्यांग श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्था की जाएगी। मंदिर की सज्जा और विद्युत व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
मेला स्थलों पर लगाए जाएंगे सीसीटीवी-
सुरक्षा के मद्देनजर मंदिर और शहर में 200 पुलिसकर्मियों की शिफ्ट वाइज तैनाती की जाएगी। कलेक्टर ने जिले के अन्य मंदिरों में भी बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। सभी मेला स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। ट्रैफिक प्लान भी तैयार किया गया है।
पेयजल की रहेगी पर्याप्त व्यवस्था-
एसडीआरएफ की टीम को अलर्ट मोड पर रखा जाएगा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था की जाएगी। भीड़ प्रबंधन के लिए विशेष इंतजाम किए जाएंगे। सभी एसडीएम को अपने-अपने क्षेत्र के मंदिरों में व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
शिवरात्रि पर्व मंदसौर शहर यातायात व्यवस्था-
1. मार्ग डायवर्सन- नाका नंबर 10 से कोर्ट घाटी रोड तथा अंबेडकर चौराहा तक बसें तथा अन्य बड़े भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी। इस प्रकार के वाहन बाईपास नयाखेड़ा होकर आ जा सकेंगे।
2. श्री पशुपतिनाथ मेला ग्राउंड बड़ी पुलिया तथा छोटी पुलिया से आवश्यकता अनुसार दो पहिया चार पहिया ऑटो रिक्शा आदि वाहनों की आवाजाही रोकी जा सकेगी, अतः खिलजीपुरा आने-जाने वाले लोग सर्किट हाउस कुबेर मंदिर वाले मार्ग का उपयोग करें।
3. पार्किंग व्यवस्था- भावसार धर्मशाला मैदान, कोर्ट घाटी रोड तथा पशुपतिनाथ मेला ग्राउंड पर दर्शनार्थियों के वाहनों की पार्किंग व्यवस्था रहेगी।
4. नए तथा पुराने पशुपतिनाथ मंदिर द्वार पर किसी भी प्रकार के वाहन खड़े करना प्रतिबंधित रहेगा, ऐसे वाहनों को क्रेन द्वारा हटाया जाकर नियमानुसार कार्रवाई की जावेगी।