नीमच। सड़क निर्माण की मांग पर सुनवाई ना किया जाने से नाराज़ ग्राम पंचायत दड़ौली के ग्रामीण आज लौट लगाते हुए नीमच कलेक्टर कार्यालय पर जनसुनवाई में पहुंचे। ग्रामीणों का कहना था कि गांव दड़ौली से आम्बा माता मंदिर तक की सड़क निर्माण की मांग हम लंबे समय से कर रहे हैं। लेकिन हमारी कोई सुनवाई नहीं की जा रही है। इसी वजह से प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने के लिए हमें कलेक्टर कार्यालय पर लौट लगाने को मजबूर होना पड़ा।

ग्रामीणों का कहना है कि कच्ची सड़क पर धूल उड़ने से हमें काफी परेशानी आती है। बारिश में कीचड़ हो जाता है और आए दिन दुर्घटनाएं होती है। इस कच्चे मार्ग पर डामरीकृत सड़क पूर्व में स्वीकृत है। लेकिन वन विभाग और लोक निर्माण विभाग की उदासीनता के चलते भूमि पूजन होने के बावजूद 2 साल बीत जाने के बाद भी आज तक इस मार्ग पर निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है। यह सड़क आम्बा, कान्या खेड़ा, हरीपुरा और लापिया सभी गांवों को जोड़ती है। अगर यह सड़क बन जाती है तो इन सभी ग्राम वासियों के साथ अम्बा माता मंदिर जाने वालों के लिए भी काफी सुविधा होगी। लौट लगाते हुए पहुंचे ग्रामीणों से एसडीएम संजीव साहू ने कलेक्टर कार्यालय के बाहर परिसर में चर्चा कर समस्या के समाधान का आश्वासन दिया।

बताते चलें कि इस मार्ग पर चमत्कारी अंबा माता मंदिर है और नवरात्रि पर यहां विशाल मेला भी लगता है। जहां पर मेले में हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं। गांव वासियों ने कहा कि यदि उक्त मार्ग पर निर्माण कार्य जल्दी शुरू नहीं किया जाता है तो नीमच सिंगोली मार्ग पर धरना दिया जाएगा।
