नीमच। शहर में स्वास्थ्य विभाग के आउटसोर्स कंप्यूटर ऑपरेटरों ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। मंगलवार को कलेक्टोरेट पहुंचे कर्मचारियों ने बताया कि वे सिग्मा इन्फोटेक प्रा. लि. भोपाल के माध्यम से कई सालों से विभाग में कार्यरत हैं। कर्मचारियों का कहना है कि जनवरी और फरवरी 2025 का वेतन अभी तक नहीं मिला है। वे जिले के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर अल्प वेतन में काम कर रहे हैं। वेतन नहीं मिलने से उन्हें और उनके परिवार को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
कंपनी के प्रबंधक का कहना है कि मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय से पुराने बिलों का भुगतान समय पर नहीं होने के कारण वेतन नहीं दिया जा सका है। कर्मचारियों ने बताया कि वे राष्ट्रीय कार्यक्रमों का काम शत-प्रतिशत करते हैं। फिर भी उन्हें अर्द्धकुशल श्रेणी का वेतन दिया जाता है, जबकि अन्य विभागों में आउटसोर्स कंप्यूटर ऑपरेटरों को उच्च कुशल श्रेणी का मानदेय मिलता है। कर्मचारियों ने ज्ञापन के माध्यम से समय पर वेतन देने और पिछले महीनों का बकाया जल्द भुगतान करने की मांग की है।