नीमच। श्री सीताराम जाजू शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय नीमच में आज सेडमैप द्वारा संचालित अल्पावधि प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन प्रशिक्षु छात्राओं को प्रमाण पत्र वितरण के साथ सम्पन्न हुआ। यह 20 दिवसीय रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण कार्यक्रम छात्राओं के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर साबित हुआ, जिसमें उन्हें उद्यमिता, व्यक्तित्व विकास, संप्रेषण कला और कंप्यूटर कौशल से संबंधित प्रशिक्षण मिला। इस कार्यक्रम का आयोजन श्री सीताराम जाजू शासकीय कन्या महाविद्यालय, नीमच में स्वामी विवेकानंद करियर मार्गदर्शन योजना और उद्यमिता विकास केंद्र, नीमच के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एन. के. डबकरा ने अपने संबोधन में कहा कि प्रशिक्षु छात्राओं के लिए उनके करियर और आत्मनिर्भरता की दिशा में यह प्रशिक्षण कार्यक्रम जो कि व्यक्तित्व विकास एवं संप्रेषण कौशल प्रशिक्षण तथा कम्प्यूटर स्किल प्रशिक्षण कार्यक्रम एक प्रेरणादायक पहल साबित हुआ है और महाविद्यालय की छात्राओं की सकारात्मक सहभागिता के साथ प्रशिक्षण सफलतापूर्वक संपन्न हुआ है।
समापन कार्यक्रम में प्रमुख रूप से उपस्थित अतिथि-
सेंडमैप के जिला समन्वयक नीरज सिंह, जिन्होंने छात्राओं को लक्ष्य प्राप्ति और सफल उद्यमी बनने की जानकारी दी। मास्टर ट्रेनर दीपेश सिसोदिया, जिन्होंने व्यक्तित्व विकास एवं संप्रेषण कला पर प्रशिक्षण दिया एवं कंप्यूटर कौशल प्रशिक्षक नवीन पांडे, जिन्होंने छात्राओं को महत्वपूर्ण डिजिटल कौशल प्रदान किए।
प्रशिक्षण के अंत में सेंडमैप द्वारा प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। स्वामी विवेकानंद करियर मार्गदर्शन योजना की ट्रेनिंग और प्लेसमेंट अधिकारी डॉ. रश्मि वर्मा ने आभार व्यक्त किया। इस कार्यक्रम में महाविद्यालय स्टाफ, सदस्य और छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।