नीमच। पुलिस कप्तान अंकित जायसवाल ने मंगलवार रात एक वीडियो संदेश जारी किया। इस संदेश के माध्यम से एसपी ने होली के मौके पर जिलेवासियों को कई जरूरी दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि होली के दौरान किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें। सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट न करें और न ही शेयर करें। जिले की सामाजिक समरसता और शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।
पुलिस ने चेतावनी दी है कि होली पर शराब या नशीले पदार्थों का सेवन कर वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। ओवर स्पीडिंग, खतरनाक ड्राइविंग और ट्रिपल राइडिंग करने वालों के वाहन जब्त किए जाएंगे।
किसी पर भी बिना अनुमति रंग न डालें। जबरदस्ती रंग लगाने की घटना होने पर तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम (7049101042, 07423-228000) पर सूचित करें। विशेष रूप से महिलाओं और बच्चियों के साथ अभद्र व्यवहार न करें।
सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक या सांप्रदायिक तनाव फैलाने वाली पोस्ट न करें। पुलिस की सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल सभी ऑनलाइन गतिविधियों पर नजर रख रही है। नियम तोड़ने वालों और ग्रुप एडमिन के खिलाफ आईटी एक्ट और भारतीय दंड संहिता के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।