मंदसौर। जिला पंचायत अध्यक्ष दुर्गा विजय पाटीदार द्वारा जिला पंचायत सभागार में जिला पंचायत साधारण सभा एवं सामान्य प्रशासन स्थायी समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि जल निगम खराब सड़कों को तुरंत ठीक करें। ऐसी सड़के जो पेयजल पाइपलाइन बिछाने के दौरान ठेकेदार द्वारा खराब कर दी गई थी, उनको तुरंत ठीक करें। इसके साथ ही पाइपलाइन डालने का कार्य गुणवत्ता पूर्ण किया जाए। स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया कि, जिन अस्पताल में पद रिक्त है वहां पर नए व्यक्ति को नियुक्त करें एवं स्वास्थ्य विभाग की समस्याओं को दुरस्त करें। एमपीईबी विभाग खराब ट्रांसफार्मर को तुरंत बदले एवं औद्योगिक क्षेत्र में लाइट की कम से कम कटौती की जाए। इसके साथ कृषि विभाग, उद्यानिकी विभाग, वन, विभाग एवं अन्य सभी विभागों समीक्षा की गई। बैठक के दौरान सीईओ जिला पंचायत अनुकूल जैन, जनपद अध्यक्ष बसंत शर्मा, साधारण सभा के सदस्य, जिलाधिकारी मौजूद थे।