भोपाल। तुलसी नगर स्थित समाजवादी पार्टी के प्रदेश कार्यालय पर रविवार शाम करणी सेना परिवार के कार्यकर्ताओं ने सपा सांसद रामजी लाल सुमन के खिलाफ प्रदर्शन किया। करणी सेना परिवार के कार्यकर्ताओं ने सपा कार्यालय के बाहर लगा पोस्टर फाड़कर अखिलेश यादव के खिलाफ नारेबाजी की।
पुलिस के सामने फाड़ा पोस्टर, जलाया पुतला
समाजवादी पार्टी मप्र के प्रदेश कार्यालय के सामने करणी सेना परिवार के करीब दो दर्जन कार्यकर्ता पहुंचे। और समाजवादी पार्टी के राज्यसभा सांसद रामजी लाल सुमन के खिलाफ नारेबाजी की। करणी सेना परिवार के कार्यकर्ताओं ने सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव के खिलाफ भी आपत्तिजनक नारेबाजी की। सपा कार्यालय के सामने ही करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने रामजी लाल सुमन का पुतला जलाया। इस दौरान मौके पर पुलिस कर्मी तमाशबीन बने खडे़ रहे।
ऐसे बयान देने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाए
करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने कहा- ष्राणा सांगा भारत के सबसे वीर शासक है और उन्होंने अपनी वीरता और तलवार के बल पर ये गौरव प्राप्त किया है। महाराणा सांगा जैसे महान व्यक्तित्व पर अपमानजनक टिप्पणी करना न केवल एक वीर योद्धा का अपमान है, बल्कि इतिहास में दर्ज उनके बलिदान और साहस का भी अपमान है। ऐसे महापुरुषों की गौरवशाली गाथा आने वाली पीढ़ियों को हमेशा प्रेरित करती रहेगी।
करणी सेना परिवार सरकार से मांग करता है कि राष्ट्र नायकों की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाले गैर-जिम्मेदाराना वक्तव्य देने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी हमारे महापुरुषों के सम्मान को ठेस पहुंचाने का दुस्साहस न कर सके।