नीमच। शहर के उप नगर बघाना के रेगर मोहल्ले में एक ही परिवार के सात लोगों की अचानक तबीयत बिगड़ गई। इनमें से 6 लोगों को एमपी के रतलाम में स्थित मेडिकल अस्पताल रेफर किया गया है। बताया जा रहा है कि सभी ने रात में एक साथ बैंगन की सब्जी और रोटी खाई थी। इसी के बाद से तबीयत बिगड़ने लगी। पड़ोसियों ने सभी को जिला चिकित्सालय पहुंचाया था। सूचना पर एसपी अंकित जायसवाल, एडीएम लक्ष्मी गामड़, एडिशनल एसपी नवल सिंह सिसोदिया समेत कई अधिकारी भी जिला अस्पताल पहुंचे थे।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी संजीव शर्मा और बघाना थाना प्रभारी नीलेश अवस्थी की टीम ने परिवार के घर पहुंचकर सब्जी, रोटी और आटे के सैंपल लिए हैं। सैंपल को जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा जाएगा। पुलिस मामले की बारीकी से जांच कर रही है। वहीं सिविल सर्जन डॉ. महेंद्र पाटिल ने बताया कि बघाना के कैलाश रेगर के परिवार के सात सदस्यों ने घर पर बैंगन की सब्जी बनाई थी। जिसे खाने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई, ऐसा उनके द्वारा बताया गया है। उन्हें जिला अस्पताल लाया गया था। तबियत क्यों बिगड़ी है, इसकी जांच की जा रही है।
एडीएम लक्ष्मी गामड़ ने कहा कि उप नगर बघाना के एक ही परिवार के कुछ सदस्यों की फूड पॉइजनिंग से तबियत बिगड़ने की सूचना मिली थी। पुलिस और प्रशासन के लोग मौके पर पहुंचे थे। फिलहाल घायलों का इलाज जारी है। कुछ लोगों को रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।