उज्जैन। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, डॉ.अशोक कुमार पटेल ने जानकारी दी कि, मातृ-शिशु मृत्यु दर को कम करने को लेकर विभाग अब हर गर्भवती महिला की हेल्थ ट्रैकिंग करेगा। इसके लिए विभाग ने अनमोल पोर्टल को अपग्रेड कर दिया है। ट्रैकिंग के लिए विभाग की मैदानी अमले के साथ शासकीय अस्पताल में आने वाली गर्भवती महिलाओं की एंट्री अनमोल 2.0 पर करनी होगी। अनमोल 2.0 पोर्टल पर गर्भवती महिलाओं की जानकारी जैसे ही एएनएम, सीएचओ और अस्पताल द्वारा दर्ज की जाएगी, वैसे ही एएनएम से लेकर भोपाल में बैठे अधिकारियों को उसका पूरा हेल्थ डेटा दिखने लगेगा। डेटा में गर्भवती महिला की कौन-कौन सी जांच हुई है और उसे कहां के लिए रेफर किया गया सहित सभी जानकारी दर्ज होंगी।
ट्रैकिंग सिस्टम से अधिकारी यह जान सकेंगे कि गर्भवती महिला किस सेंटर के लिए रेफर हुई है। जिस सेंटर के लिए रेफर हुई है, वहां से किसी हायर सेंटर के लिए भेजा रहा है तो उसकी क्या स्थिति है। साथ ही शिशुओं का पंजीकरण, डीबीटी के माध्यम से वित्तीय सहायता, प्रसवोत्तर देखभाल का रिकॉर्ड संधारण और देखभाल को ट्रैक करना, नवजात एवं शिशु देखभाल स्वास्थ्य की निगरानी, टीकाकरण की स्थिति को डिजिटल रूप से ट्रैक किया जा सकेगा।