इंदौर। राजस्थान जाने वाले यात्रियों को रेलवे ने एक नई सौगात देते हुए सप्ताह में तीन दिन सीधे जयपुर के लिए स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा की थी। रेलवे ने इसका टाइम टेबल भी जारी कर दिया है, लेकिन ट्रेन की शुरुआत की तारीख अभी तक तय नहीं हुई है। अब जानकारी सामने आई है कि रेलवे मई माह से इस ट्रेन का संचालन शुरू करने पर विचार कर रहा है।
रेलवे सूत्रों के मुताबिक, यह ट्रेन मई के पहले हफ्ते से शुरू की जा सकती है। गौरतलब है कि इस ट्रेन की मांग पिछले साल रेल अधिकारियों की मीटिंग में की गई थी, जिसे अब जाकर पूरा किया जा रहा है।
रेलवे द्वारा जारी शेड्यूल के मुताबिक, यह स्पेशल ट्रेन इंदौर से हर सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को शाम 7ः20 बजे रवाना होगी। ट्रेन रतलाम, चित्तौड़गढ़, चंदेरिया और अजमेर होते हुए जयपुर पहुंचेगी। जयपुर में 10 मिनट रुकने के बाद यह ट्रेन सुबह 7ः30 बजे खातीपुरा स्टेशन पहुंचेगी।
वापसी का रूट और समय
खातीपुरा से यह ट्रेन हर मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को शाम 7 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 8ः30 बजे इंदौर पहुंचेगी। वापसी में भी ट्रेन अजमेर, चंदेरिया, चित्तौड़गढ़ और रतलाम से होकर गुजरेगी।
महू-इंदौर-नई दिल्ली ट्रेन का नया टाइम टेबल जारी
महू-इंदौर-नई दिल्ली के बीच 15 अप्रैल से शुरू होने वाली नई ट्रेन का संशोधित टाइम टेबल पश्चिम रेलवे ने जारी कर दिया है। अब महू से यह ट्रेन दोपहर 3ः30 बजे चलकर 3ः50 बजे इंदौर पहुंचेगी और शाम 4ः00 बजे दिल्ली के लिए रवाना होगी। ट्रेन को महू से इंदौर पहुंचने में 20 मिनट लगेंगे।
दरअसल, पहले जारी किए गए टाइम टेबल में ट्रेन का महू से इंदौर 10 मिनट में पहुंचना बताया गया था, जिसे लेकर रेलवे एक्सपर्ट्स ने सवाल उठाए थे। इस ट्रैक की तकनीकी क्षमता इतनी नहीं है कि ट्रेन 120 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सके। इसके बाद रेलवे ने संशोधित टाइम टेबल जारी किया।