चित्तौड़गढ़। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं जिला एवं सेशन न्यायाधीश महेन्द्र सिंह सिसोदिया के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चित्तौड़गढ़ एवं प्रयास संस्थान के संयुक्त तत्वाधान में विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर चित्तौड़गढ़ स्थित पेंशन सभागार भवन में विधिक जागरुकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता कर रहे सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सुनील कुमार गोयल ने उपसिथत सदस्यों को बताया कि विश्व स्वास्थ्य दिवस वैश्विक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने एवं स्वास्थ्य सेवाओं की अहमियत को समझाने के लिए है। आज के दौर मे जब जीवनशैली से जुड़ी बीमारियां और मानसिक तनाव तेजी से बढ़ रहे हैं। अतः यह आवश्यक है कि इनको रोकने के लिए स्वास्थ्य पर ध्यान दिया जाए। रोजाना तीस मिनट एक्सरसाइज या योग का अभ्यास करें, संतुलित आहार का सेवन करें। खाने में ताजे फल, हरी सब्जियां और नट्स का इस्तेमाल करें। मानसिक स्वास्थ्य को नजरअंदाज न करें, समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराएं, स्वच्छता का पालन करें एवं दूसरों को भी स्वास्थ्य की प्रति जागरुक करें। पैनल अधिवक्ता भारती गहलोत ने भी महिलाओं को गर्भावस्था, प्रसव और प्रसव के पश्चात् स्वास्थ्य की देखभाल करने हेतु पोषण एवं देखभाल संबंधी जानकारी साझा की। इस दौरान डॉ नरेन्द्र गुप्ता,पैनल अधिवक्ता भारती गहलोत, प्रयास संस्थान से रामेश्वर एवं नर्सिंग छात्राएं व अन्य ग्रामीणजन उपस्थित रहे। जिला कारागृह में भी असिस्टेंट लीगल एड डिफेंस काउंसिल वैशाली अहीर एवं अधीक्षक निरंजनलाल शर्मा द्वारा विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया जाकर बंदियों को स्वास्थ्य को उत्तम बनाए रखने हेतु प्रेरित किया।