शाजापुर। जिले के चौंसला कुलमी गांव के ग्रामीणों ने मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर बंदोबस्त (भूमि रिकॉर्ड) में हुई गंभीर गड़बड़ी को शीघ्र सुधार की मांग की। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बंदोबस्त के दौरान प्रशासन की लापरवाही के चलते कई लोगों की जमीनें गलत नामों पर दर्ज कर दी गई हैं, जिससे उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि कुछ लोगों की पुश्तैनी जमीनें अब दूसरों के नाम पर चढ़ा दी गई हैं, जिसके चलते न तो वे खेती कर पा रहे हैं और न ही किसी योजना का लाभ उठा पा रहे हैं। उन्होंने कलेक्टर से मांग की कि जल्द से जल्द इस मामले की जांच कर सही नामों में संशोधन किया जाए।
प्रभावित ग्रामीणों में नाराज़गी साफ देखी गई और उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे। कलेक्टर कार्यालय में ज्ञापन सौंपते हुए ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
घटना ने प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं और अब देखना यह होगा कि जिला प्रशासन इस गंभीर चूक को कितनी जल्दी सुधारता है।