डबरा। ग्राम सर्वा में प्रशासन और ग्रामीणों के बीच जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। प्रशासन शासकीय भूमि पर ग्रामीणों को बसाना चाहता है, लेकिन इस जमीन से होकर हाई टेंशन लाइन गुजरती है।
सर्वे क्रमांक 598, 603, 604 और 605 पर करीब 40 बीघा शासकीय भूमि है। प्रशासन यहां ग्राम आबादी बसाकर लोगों को पट्टे देना चाहता है। ग्रामीणों का कहना है कि इस जमीन के नीचे खड़े होने से डर लगता है। यहां तक कि किसी दूसरे व्यक्ति को छूने से भी करंट का झटका महसूस होता है।
ग्रामीण बोले- यहां मकान बनने से जनहानि की आशंका
ग्रामवासी कैलाश, राकेश शर्मा, ज्ञानी विजय सिंह, शंकर सिंह मेहता, मोहन परिहार, रामनरेश, मुकेश, सुंदरलाल और शिवचरण ने चिंता जताई है। उनका कहना है कि यहां मकान बनने से जनहानि की आशंका है।
ग्रामीणों ने कलेक्टर और एसडीएम को कई बार आवेदन दिया है। उनकी मांग है कि मौजूदा ग्राम आबादी के आसपास की किसी अन्य शासकीय भूमि पर उन्हें बसाया जाए। इससे उन्हें गांव से दूर नहीं जाना पड़ेगा और वे आसानी से जीवन यापन कर सकेंगे।
ग्राम वासियों के हित में काम करने का आश्वासन
डबरा तहसीलदार दिव्य दर्शन शर्मा ने कहा कि वास्तविक स्थिति का आकलन कर निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रशासन ग्राम वासियों के हित में काम करेगा।