नीमच। प्रदेशभर में चल रहे नशा विरोधी अभियान के अंतर्गत नीमच केंट पुलिस ने 2 किलो 860 ग्राम अवैध अफीम जब्त कर बड़ी कामयाबी हासिल की है। यह कार्रवाई पुलिस थाना प्रभारी निरीक्षक पुष्पा सिंह चौहान के नेतृत्व में की गई।

पुलिस टीम द्वारा वीर हनुमान बालाजी मंदिर, महू रोड के सामने वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्ति पुलिस को देखकर कुछ दूरी पर वाहन छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने उनका पीछा किया, लेकिन दोनों आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। छोड़ी गई सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (आरजे 09 एसवाय 0498) की तलाशी में 2 किलो 860 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई। फरार आरोपियों में से एक की पहचान रायसिंह उर्फ राजू पिता पन्नालाल दायमा निवासी ग्राम आमद थाना कुकड़ेश्वर के रूप में हुई। वहीं दूसरे आरोपी की तलाश जारी है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी पुष्पा सिंह चौहान और पुलिस टीम की सक्रियता सराहनीय रही।
