खरगोन। कलेक्टर भव्या मित्तल द्वारा 10 अप्रैल को गूगल मीट के माध्यम से अधिकारियों की बैठक लेकर राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम 2013 के अंतर्गत राशन प्राप्त करने वाले पात्र परिवारों व हितग्राहियों ई-केवायसी 30 अप्रैल 2025 तक पूर्ण कराने के लिए निर्देशित किया गया था। इस दौरान अधिकारियों को निर्देशित किया गया हितग्राहियों की संबंधित उचित मूल्य दुकान से ई-केवायसी पीओएस मशीन के माध्यम से कराया जाना आवश्यक है। अन्यथा उन्हें आगामी माह मई 2025 में राशन लेने में परेशानी हो सकती है।
निर्देशों के परिपालन में 11 अप्रैल को अनुविभागीय अधिकारी राजस्व द्वारा सभी विकासखण्डों में ई-केवायसी अभियान दलों को आवश्यक प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान प्रशिक्षण में अभियान दलों को शिविर आयोजन स्थल एवं दिनांक की जानकारी देते हुए ई-केवायसी से शेष रहे हितग्राहियों की सूचि सचिव, रोजगार सहायक, वार्ड प्रभारी एवं विक्रेताओं को उपलब्ध कराई गई है। इस दौरान उन्हें 30 अप्रैल 2025 तक शत प्रतिशत हितग्राहियों की ई-केवायसी कराने के लिए निर्देशित किया गया। इस प्रशिक्षण में अभियान दल के उचित मूल्य दुकान विक्रेता, रोजगार सहायक, सचिव, वार्ड प्रभारी, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, नगर निकायों के मुख्य नगरपालिका अधिकारी एवं जिला आपूर्ति अधिकारी, सहायक एवं कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी उपस्थित थे।