गुना। पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह के छोटे भाई लक्ष्मण सिंह ने कहा है कि जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला आतंकवादियों से मिले हुए हैं। कांग्रेस को उनसे समर्थन वापस ले लेना चाहिए।
लक्ष्मण सिंह यहीं नहीं रुके, उन्होंने राहुल गांधी को भी सोच समझकर बात करने की नसीहत दे डाली। लक्ष्मण सिंह ने कहा- मैं कैमरे के सामने कह रहा हूं, पार्टी को मुझे निकालना हो तो आज निकाल दे। हमारी पार्टी के नेता सोच समझकर बोले, नहीं तो उन्हें चुनाव में परिणाम भुगतना पड़ेंगे।
पूर्व सांसद लक्ष्मण सिंह गुरुवार को गुना जिले के राघौगढ़ में पहलगाम आतंकी हमले के खिलाफ प्रदर्शन में शामिल हुए थे। इस दौरान उन्होंने संबोधित करते हुए ये बातें कही। जिसका वीडियो शुक्रवार को सामने आया है।
जहां टूरिस्ट थे, वहां पुलिस क्यों नहीं थी
लक्ष्मण सिंह ने कहा- चुनी हुई सरकार यह तय करती है कि फौज कहां लगेगी और पुलिस कहां लगेगी। जहां वो बताते हैं, वहां जाकर वो लग जाती है। जहां फौज लगी है, वहां उन्होंने (आतंकियों) कुछ नहीं किया। जहां टूरिस्ट इक्ट्ठे हो रहे थे, वहां पुलिस क्यों नहीं लगाई। एक सिपाही नहीं था वहां, इसका दोषी कौन है? आतंकवादी तो हैं ही, पर वो मिला हुआ है।
रॉबर्ट वाड्रा का बचपना कब तक झेलेंगे
लक्ष्मण सिंह ने राहुल गांधी के जीजा रॉबर्ट वाड्रा पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा- श्ये हमारा रॉबर्ट वाड्रा, जीजा जी राहुल गांधी का, कहता है कि मुसलमानों को सड़क पर नमाज नहीं पढ़ने देते इसलिए आतंकवादियों ने हमला किया। इन दोनों का ये बचपना हम कब तक झेलेंगे। राहुल गांधी भी थोड़ा सोच समझकर बात करें। इनकी नादानियों की वजह से इस तरह की घटनाएं हो रही हैं।